भारी बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट, एसडीएम और तहसीलदार ने संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी, 1 सितंबर 2026। लगातार हो रही भारी बारिश के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मंगलवार को उप जिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका और तहसीलदार कुलदीप पांडे ने तहसील क्षेत्र के विभिन्न जलभराव संभावित एवं संवेदनशील इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने गौला पुल, फतेहपुर, दमुवाढूंगा, राजपुरा, कुसुमखेड़ा समेत नगर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान गौला नदी के जलस्तर की स्थिति का जायजा लेते हुए नदी किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई।
एसडीएम और तहसीलदार ने आपदा की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर यातायात और आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा।
प्रशासन की ओर से स्थानीय लोगों को भी जागरूक किया गया। लोगों से अपील की गई कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से नदी-नालों के किनारे न जाएं और बच्चों को विशेष रूप से नदी-नालों से दूर रखें।
उप जिलाधिकारी मोनिका ने बताया कि जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की।

