न्याय रथ को हरी झंडी दिखाकर ग्राम सौंड के लिए किया रवाना, मेगा ड्राइव चरण-1 का शुभारंभ।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
नैनीताल। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली की जनकल्याणकारी एवं विधिक सेवा योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल की ओर से मेगा ड्राइव चरण-1 का शुभारंभ किया गया। गुरुवार को जिला न्यायालय परिसर से जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल प्रशांत जोशी ने न्याय रथ को हरी झंडी दिखाकर ग्राम सौंड के लिए रवाना किया।
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता और नालसा की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं और विधिक सेवाओं का वास्तविक लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तहत पैरालीगल वॉलेन्टियर्स द्वारा घर-घर संपर्क कर पात्र लाभार्थियों की पहचान की जाएगी। ग्रामीणों की कानूनी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझते हुए उन्हें आवश्यक विधिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ संबंधित विभागों और योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
मेगा ड्राइव के दौरान ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी, स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों और अन्य ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित कर लोगों को विधिक सेवाओं एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। ग्रामीणों की स्थानीय जरूरतों के आधार पर पात्र व्यक्तियों तक नालसा की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग के साथ किए गए कार्यों का दस्तावेजीकरण और प्रगति रिपोर्ट तैयार कर नालसा को भेजी जाएगी।
इस अवसर पर आमजन से अपील की गई कि वे अपने विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में निःशुल्क विधिक सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करें।
कार्यक्रम में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसल सोहन तिवारी, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसल हेमा शर्मा, रिटेनर अधिवक्ता तारा आर्या, नाज़िर धीरज सुयाल, कनिष्ठ सहायक राहुल डंगवाल, अंबिका, यशवंत कुमार, मनोज बलसुनी, अजय बिष्ट और अनीता बिष्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

