रामनगर में मिठाई की दुकानों पर खाद्य विभाग का विशेष निरीक्षण अभियान।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
रक्षाबंधन को लेकर आधा दर्जन मिठाई प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण, कमियां मिलने पर 15 दिन का समय
रामनगर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रामनगर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में भवानीगंज, रानीखेत रोड, बस स्टैंड और लखनपुर चुंगी क्षेत्र में करीब आधा दर्जन मिठाई की दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को दूध, दही, घी, पनीर समेत अन्य डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता, मानकों और लेबलिंग के संबंध में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने 7 अगस्त 2026 को आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड, देहरादून द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेश की भी जानकारी दी। आदेश के तहत अमानकीकृत डेयरी एनालॉग अथवा गैर-दुग्ध उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है।
निरीक्षण के दौरान पांच प्रतिष्ठानों में मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल तथा खाद्य पदार्थों की जांच से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। संबंधित प्रतिष्ठानों को इन कमियों को दूर कर आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में कमियां दूर नहीं किए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की धारा 55 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें दो लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
इसके अलावा दो बार प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। इनमें से एक बार में आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध नहीं पाए जाने पर नोटिस जारी करते हुए दो सप्ताह के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य विभाग ने कहा कि अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और अमानकीकृत डेयरी एवं गैर-दुग्ध उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना है। विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
निरीक्षण टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामनगर असलम खान सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

