35 लाख का हिसाब और रात का धावा! दिन में दुकान पर धमकी, रात में घर में घुसने का आरोप।
संवाददाता – रामनगर
रामनगर। 35 लाख रुपये का कथित लेनदेन… रकम वापस मांगने पर शुरू हुआ विवाद… दिन में दुकान पर कथित हंगामा और रात होते-होते घर में घुसकर धमकी देने का आरोप। रामनगर में सामने आई इस शिकायत ने इलाके में हलचल बढ़ा दी है।
शंकरपुर भूल निवासी मो. नबी ने कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद निवासी शाने आलम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तहरीर के मुताबिक मो. नबी ने शाने आलम को पूर्व में उधार के तौर पर 35 लाख रुपये दिए थे। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर वह लगातार टालमटोल करता रहा।
फिर आया 13 अगस्त का दिन। शिकायत के अनुसार, मो. नबी शिवलालपुर चुंगी स्थित ब्रिजेश हॉस्पिटल के सामने अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान शाने आलम कथित रूप से करीब 15-16 साथियों के साथ तीन वाहनों से वहां पहुंचा। आरोप है कि इसके बाद गाली-गलौज शुरू हो गई और विरोध करने पर मारपीट पर उतारू होने के साथ जान से मारने की धमकी दी गई। सूत्रों के अनुसार 112 ने मौके से आरोपी सहाना आलम पुत्र जुल्फिकार निवासी तोक ठाकुरद्वारा को गिरफ्तार किया।
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई।
तहरीर के अनुसार, रात करीब 10 बजे शाने आलम अपने साथियों के साथ कथित रूप से दोबारा पहुंचा और घर में जबरन घुस गया। पीड़ित का आरोप है कि उसके और परिवार के साथ गाली-गलौज व मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। दोबारा पुलिस को सूचना देने के बाद आरोपी कथित रूप से मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने पुलिस से कहा है कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद वह और उसका परिवार भयभीत है तथा आरोपियों से जान-माल का खतरा बना हुआ है। उसने प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामला पुलिस की जांच के दायरे में है। तहरीर में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

