निर्माणाधीन भवन में गार्ड से मारपीट कर कॉपर वायर लूटने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। हीरानगर क्षेत्र में निर्माणाधीन भवन में गार्ड के साथ मारपीट कर कॉपर वायर और सीसीटीवी कैमरे के एडॉप्टर लूटने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पॉलीकैब कंपनी के कॉपर वायर के दो डिब्बे और करीब छह किलो जली हुई कॉपर वायर बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को हीरानगर चौकी क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन में बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात गार्ड के साथ मारपीट की और बिजली के कॉपर वायर व सीसीटीवी कैमरे का एडॉप्टर जबरन लूटकर फरार हो गए। मामले में डॉ. अरुण जोशी की तहरीर पर हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना का संज्ञान लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों को जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और सीओ हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सुरागरसी-पतारसी की। जांच के बाद पुलिस ने मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदेश कुमार (30), विकास कश्यप (24), शिवम कश्यप (23) और कमल घोष उर्फ बिल्लू सांडा (20), निवासी राजपुरा वार्ड नंबर-13, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पॉलीकैब कंपनी के 4 एमएम और 2.5 एमएम कॉपर वायर के दो डिब्बे तथा करीब छह किलोग्राम जली हुई कॉपर वायर बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीत राठौर (प्रभारी चौकी हीरानगर), हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल ललित नाथ शामिल रहे।






