जापानी-जर्मन भाषा प्रशिक्षण पर जोर, बर्ड वॉचिंग गाइडों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी, 26 सितंबर। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में शनिवार को कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में जिला कौशल एवं अप्रेंटिसशिप समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना समेत जिले में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अप्रेंटिसशिप योजना से अधिक से अधिक प्रतिष्ठानों और उद्योगों को जोड़ा जाए। साथ ही प्रशिक्षित युवाओं का डेटाबेस तैयार कर रोजगार मेलों और प्लेसमेंट के माध्यम से उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाए।
जापान-जर्मनी में रोजगार के लिए भाषा प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जिलाधिकारी ने 6 से 8 माह का जापानी और जर्मन भाषा के साथ व्यावसायिक कौशल प्रशिक्षण शुरू करने के निर्देश दिए। यह प्रशिक्षण जापान और जर्मनी में नर्सिंग असिस्टेंट और एल्डरली केयर गिवर के जॉब रोल के लिए दिया जाएगा।
इसके लिए जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक नर्सिंग और इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। प्रशिक्षण के लिए पुरुष अभ्यर्थियों की आयु 21 से 35 वर्ष और महिला अभ्यर्थियों की आयु 18 से 27 वर्ष निर्धारित की गई है।
बर्ड वॉचिंग गाइडों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में बर्ड वॉचिंग की संभावनाओं को देखते हुए पंगोट, कोसी बैराज और नौकुचियाताल में आने वाले हिमालयी एवं प्रवासी पक्षियों के संबंध में गाइडों को विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित गाइड पर्यटकों को पक्षियों के बारे में वैज्ञानिक और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध करा सकेंगे, जिससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है। इसलिए स्थानीय उद्योगों और रोजगार बाजार की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण ट्रेडों का चयन किया जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए समय पर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, जिला सेवायोजन अधिकारी प्रियंका गढ़िया, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य, आईटीआई प्रधानाचार्य नितिन शर्मा, लीड बैंक अधिकारी अमित बाजपेई, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव कुमार, सचिव हिमालयन चेंबर ऑफ कॉमर्स मलय त्रिपाठी, एमबीपीजी कॉलेज के डॉ. संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

