29 सितंबर को होगा मतदान, पहली बार कोषाध्यक्ष और संयुक्त सचिव पद छात्राओं के लिए आरक्षित।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
रामनगर। पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामनगर में छात्र संघ चुनाव 2026-27 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। महाविद्यालय प्रशासन ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस वर्ष 29 सितंबर को मतदान कराया जाएगा, जबकि मतदान के बाद उसी दिन मतगणना, परिणाम घोषणा और शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एमसी पांडे ने बताया कि 24 सितंबर से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू होगी। 25 सितंबर को प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे और 26 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद निर्धारित समय के भीतर नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी कर वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
27 सितंबर को अवकाश रहने के कारण कोई चुनावी गतिविधि नहीं होगी, जबकि 28 सितंबर को आम सभा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सभी प्रत्याशी छात्र-छात्राओं के सामने अपने विचार और चुनावी एजेंडा प्रस्तुत करेंगे।
प्राचार्य ने बताया कि इस बार चुनाव में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। उपाध्यक्ष छात्रा पद पहले से आरक्षित था, जबकि अब पहली बार कोषाध्यक्ष और संयुक्त सचिव पद भी छात्रा वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं। इसे छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया छात्र संघ प्रभारी प्रोफेसर महीपाल सिंह की देखरेख में संपन्न कराई जाएगी। सभी प्रत्याशियों को कुमाऊं विश्वविद्यालय और महाविद्यालय की निर्वाचन नियमावली का पालन करना अनिवार्य होगा।
प्राचार्य डॉ. पांडे ने स्पष्ट किया कि चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी। कॉलेज परिसर में पोस्टर चिपकाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही कॉलेज के बाहर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नियम विरुद्ध गतिविधियों पर पुलिस और प्रशासन की निगरानी रहेगी।
महाविद्यालय प्रशासन ने संभावित प्रत्याशियों के साथ स्थानीय प्रशासन की बैठक भी आयोजित की, जिसमें तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों ने चुनाव संबंधी नियमों की जानकारी देते हुए शांतिपूर्ण और नियमों के अनुरूप चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की।

