स्पा सेंटरों में AHTU की सघन चेकिंग, 6 सेंटरों पर कार्रवाई।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने हल्द्वानी क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का पालन न करने पर 6 स्पा सेंटरों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 30 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।
प्रभारी AHTU म0उ0नि. सुनीता कुंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न स्पा सेंटरों में अभिलेखों और कर्मचारियों के सत्यापन की जांच की। चेकिंग के दौरान कई सेंटरों में ग्राहकों का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज नहीं करने और कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन नहीं कराने की अनियमितता सामने आई।
पुलिस ने ग्रीन टी स्पा, लुक थाई स्पा, गोल्डन स्पा, फॉरएवर स्पा, योर्स स्पा और क्लाउड 9 स्पा के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।
पुलिस ने सभी स्पा सेंटर संचालकों को कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने और ग्राहकों का पूरा व सही विवरण निर्धारित रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर आगे भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
नैनीताल पुलिस ने कहा कि मानव तस्करी की रोकथाम और महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर स्पा सेंटरों की निगरानी और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

