रामनगर में तड़के कार सवार युवक पर जानलेवा हमला, ईंट-पत्थरों से वार; कार में मिले खून के निशान।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
रामनगर। गुरुवार तड़के बालाजी मंदिर के पास कार सवार युवक पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। हमले में टेड़ा रोड लखनपुर निवासी गोपाल सिंह अधिकारी उर्फ गोपू गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें काशीपुर के निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। गोपू अधिकारी अपनी वॉक्सवैगन वेंटो कार से बालाजी मंदिर के पास से गुजर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उनकी कार को घेर लिया और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाल सुशील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को मौके पर क्षतिग्रस्त कार के टूटे शीशे मिले। कार के अंदर और बाहर खून के निशान भी पाए गए। इसके अलावा घटनास्थल से खून से सने ईंट-पत्थर बरामद होने की बात सामने आई है, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान में जुटी है।
बताया जा रहा है कि घटना से कुछ समय पहले लखनपुर चुंगी के पास गोपू की कुछ युवकों से बहस हुई थी। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वहीं फायरिंग की चर्चा भी सामने आई है, लेकिन पुलिस स्तर से इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

