अहमद नदीम को मिला नैनीताल जिला सूचना अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। शासन ने सूचना अधिकारी अहमद नदीम को नैनीताल जिले के जिला सूचना अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। शासकीय कार्यहित में उन्हें अग्रिम आदेशों तक तत्काल प्रभाव से यह जिम्मेदारी दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार, मीडिया सेंटर हल्द्वानी में संबद्ध सूचना अधिकारी अहमद नदीम अब हल्द्वानी मीडिया सेंटर की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ जिला सूचना कार्यालय, नैनीताल का काम भी देखेंगे।
नैनीताल में जिला सूचना अधिकारी का पद 12 सितंबर को जिला सूचना अधिकारी स्व. गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन के बाद रिक्त हो गया था। इसके बाद शासन ने अहमद नदीम को जिले की सूचना व्यवस्था का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
सूचना विभाग में लंबा अनुभव
अहमद नदीम को सूचना विभाग में काम करने का लंबा अनुभव है। वह इससे पहले ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में जिला सूचना अधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत में सहायक जिला सूचना अधिकारी (ADIO) के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।
अहमद नदीम के नैनीताल जिले का अतिरिक्त प्रभार संभालने से जिले की सूचना एवं मीडिया संबंधी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी।

