ऑपरेशन प्रहार: काठगोदाम पुलिस ने दो वारंटी किए गिरफ्तार।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
गैर-जमानती वारंट के तहत आरोपियों के घर पर दी दबिश
काठगोदाम। नैनीताल पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए काठगोदाम क्षेत्र से दो वारंटियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 11 अक्टूबर को उनके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर जिले में वांछित, फरार और पेशेवर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में काठगोदाम पुलिस ने संबंधित मामले में जारी गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के अनुपालन में यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनू आर्य पुत्र मोहन चंद्र और टिंकू पुत्र स्वर्गीय रामकुमार, दोनों निवासी निर्मला कॉन्वेंट के पास, काठगोदाम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी फौजदारी वाद संख्या 118/22 में वांछित थे। यह मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 380, 452, 504 और 506 के तहत दर्ज है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक भूपेंद्र मेहता, कांस्टेबल दीपक कुमार और कांस्टेबल रविंद्र राणा शामिल रहे।






