नवनिर्वाचित जिला सहकारी बैंक अध्यक्षों ने सीएम धामी से की मुलाकात।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
देहरादून। प्रदेश के विभिन्न जिला सहकारी बैंकों के नवनिर्वाचित अध्यक्षों ने शुक्रवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रही है। जिला सहकारी बैंक किसानों, ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने के साथ स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देते हुए सहकारिता क्षेत्र को और मजबूत बनाने की दिशा में काम करने की अपेक्षा जताई।
मुख्यमंत्री से मिलने वालों में जिला सहकारी बैंक देहरादून के अध्यक्ष मंजीत रावत, चमोली के गजेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल (कोटद्वार) के पंकज रावत, टिहरी गढ़वाल के सुभाष चंद रमोला और हरिद्वार के बिजेंद्र सिंह चौधरी शामिल रहे। सभी अध्यक्ष हाल ही में संबंधित जिला सहकारी बैंकों के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री खजान दास और राम सिंह कैड़ा भी मौजूद रहे।

