मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने की अभियोजन मामलों की समीक्षा, अपराधियों को जल्द सजा दिलाने के दिए निर्देश।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
देहरादून, 8 सितंबर। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने अभियोजन विभाग की समीक्षा के दौरान विभिन्न जनपदों में अभियोजन से जुड़े मामलों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने मामलों के निस्तारण में तेजी लाते हुए अपराधियों को शीघ्र सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अभियोजन प्रक्रिया का उद्देश्य दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाना है। इसके लिए मामलों की प्रभावी पैरवी के साथ लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए। मुख्य सचिव ने स्टैंडिंग कमेटी की बैठकें निर्धारित समय पर नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए इन्हें नियमित रूप से निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सभी जनपदों में जघन्य अपराधों के मामलों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई और प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
मुख्य सचिव ने अभियोजन प्रक्रिया में सामने आने वाली व्यावहारिक, प्रक्रियात्मक और समन्वय संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियोजन की गुणवत्ता और प्रभावशीलता बढ़ाने के साथ प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी तय कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत होंगे विभिन्न कार्यक्रम
बैठक के दौरान महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने जिलाधिकारियों को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 15 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम और जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
17 सितंबर से 8 अक्टूबर तक ‘भारत 2047’ कार्यक्रम के तहत विकसित भारत एवं भारत 2047 विषय पर छात्र निबंध, चित्रकला और भाषण प्रस्तुत करेंगे। जिला स्तर पर प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी तथा श्रेष्ठ चित्रों को एनिमेटेड लघु फिल्मों में शामिल कर प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके अलावा 1 से 7 अक्टूबर तक ‘हैकाथॉन और इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित होगा, जिसमें युवा, स्टार्टअप्स और रिसर्चर्स तकनीक, विकास और सोशल इनोवेशन से जुड़े विषयों पर भविष्य के लिए समाधान प्रस्तुत करेंगे।
‘जन कल्याण संवाद’ के माध्यम से प्रौद्योगिकी, खेल, कला, विज्ञान और सामाजिक प्रभाव के क्षेत्र में प्रभावशाली लोगों को एक मंच पर लाया जाएगा। वहीं 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा दिवस’ के अवसर पर रिले मैराथन के साथ खेल प्रतियोगिताएं, साइकिलिंग और बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, गढ़वाल आयुक्त तथा सभी जनपदों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।

