उत्तराखण्ड नैनीताल न्यूज वाइरल ख़बर

भारी बारिश को लेकर नैनीताल प्रशासन अलर्ट, डीएम ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों को दिए सतर्क रहने के निर्देश।

भारी बारिश को लेकर नैनीताल प्रशासन अलर्ट, डीएम ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों को दिए सतर्क रहने के निर्देश।

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

नैनीताल, 02 सितंबर 2026। जनपद नैनीताल में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के मद्देनजर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। लगातार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन की संभावना को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

 

 

 

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद के पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में बारिश हो रही है। इसके दृष्टिगत जिला आपदा कंट्रोल रूम के साथ सभी तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

उन्होंने लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, एनएच, सिंचाई, विद्युत और पेयजल समेत सभी कार्यदायी संस्थाओं को अपनी मशीनरी और पर्याप्त मैनपावर के साथ संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहने को कहा है। ताकि बारिश के कारण किसी भी मार्ग के अवरुद्ध होने पर उसे तत्काल खोला जा सके।

 

 

 

डीएम ने बताया कि राजस्व विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर बारिश से हुए नुकसान का आकलन कर रही हैं। जिन स्थानों पर मकानों को आंशिक क्षति या पशुहानि की सूचना मिल रही है, वहां तहसीलदार के माध्यम से तत्काल राहत वितरण कराया जा रहा है।

 

 

 

उन्होंने बताया कि जनपद में वर्तमान में करीब चार दर्जन मार्ग अवरुद्ध हैं, जिनमें लगभग 90 प्रतिशत ग्रामीण सड़कें हैं। इसके अलावा 4-5 स्टेट हाईवे और राष्ट्रीय राजमार्ग का गरमपानी वाला हिस्सा भी बारिश के कारण बाधित हुआ है। मार्गों को खोलने के लिए मशीनें मौके पर लगाई गई हैं और कार्य लगातार जारी है। जल्द ही मार्गों को यातायात के लिए खोलने का प्रयास किया जा रहा है।

 

 

 

रील्स और फोटोग्राफी के लिए जोखिम न उठाएं

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने आम जनता से अपील की है कि अपरिहार्य परिस्थितियों में ही घर से बाहर निकलें। क्रोनिक लैंडस्लाइड जोन, नदियों, नालों, गधेरों और बरसाती नालों के किनारे जाने से बचें। उन्होंने कहा कि बरसाती नदियों का बहाव बेहद तेज होता है, ऐसे में किसी भी समय अनहोनी हो सकती है।

 

 

 

उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं से अपील करते हुए कहा कि रील बनाने अथवा फोटोग्राफी के लिए जोखिम भरे स्थानों पर न जाएं। मानसून काल तक ऐसी गतिविधियों से पूरी तरह परहेज करें।

 

 

 

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जनपद में बारिश से उत्पन्न स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।