ऑपरेशन प्रहार के तहत रामनगर पुलिस की कार्रवाई, अवैध तमंचे और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
रामनगर। ऑपरेशन प्रहार के तहत रामनगर पुलिस ने डायल 112 की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि मालधन निवासी एक व्यक्ति मालधन चौड़ स्थित शिव मंदिर के पास गाली-गलौज कर रहा है और गोली मारने की धमकी दे रहा है। सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम को मौके के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों द्वारा उसे रोककर नाम-पता पूछने का प्रयास किया गया तो वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिसकर्मी बिजेन्द्र गौतम ने उसे मौके पर पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुरेन्द्र पुत्र बलवान सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी मालधन नंबर-7, शिव मंदिर, थाना रामनगर, नैनीताल बताया।
बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 268/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तारी टीम:
- उपनिरीक्षक मनोज अधिकारी
- कांस्टेबल बिजेन्द्र सिंह

