उत्तराखण्ड

रक्षाबंधन पर SSP नैनीताल ने दी जनपदवासियों को शुभकामनाएं, पुलिसकर्मियों की कलाई पर बंधी राखी।

रक्षाबंधन पर SSP नैनीताल ने दी जनपदवासियों को शुभकामनाएं, पुलिसकर्मियों की कलाई पर बंधी राखी।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

नैनीताल। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जनपदवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर SSP की पीआरओ हेमा ऐठानी ने उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

 

 

 

SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व होने के साथ-साथ रक्षा, जिम्मेदारी और विश्वास के संकल्प का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नैनीताल पुलिस इसी भावना के अनुरूप जनपदवासियों की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

 

 

 

रक्षाबंधन के अवसर पर ब्रह्माकुमारी बहनों ने भी पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति स्नेह, सम्मान और शुभकामनाएं व्यक्त कीं। ब्रह्माकुमारी बहनों ने SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी., पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और जवानों को राखी बांधी।

 

 

 

पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने इस आत्मीय पहल के लिए ब्रह्माकुमारी बहनों का आभार जताया। इस दौरान SSP ने कहा कि जनसेवा और जनसुरक्षा नैनीताल पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करे और पुलिस के प्रति उसका विश्वास और मजबूत हो, इसके लिए पुलिस पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही है।

 

 

 

SSP ने जनपदवासियों से रक्षाबंधन का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक समरसता के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि और सुरक्षित जीवन की कामना की।