टीपीनगर चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार।
गुरजोत सिंह राठौर-सवांददाता
हल्द्वानी। टीपीनगर चौकी क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर पानी की मोटर और बिजली का सामान चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का गीजर, दो पानी की मोटर, बिजली की तारें और नल की टोंटियां बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार 9 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने मल्ला गोरखपुर निवासी विजय पाठक के घर का ताला तोड़कर पानी की मोटर, बिजली के तार, स्टेपलाइजर समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। मामले में 13 अगस्त को कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटना का शीघ्र खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
पुलिस ने करन निवासी जवाहर नगर बनभूलपुरा, रोहित निवासी जवाहर नगर बनभूलपुरा और अमन निवासी जवाहर नगर बनभूलपुरा को 13 अगस्त को गिरफ्तार किया। वहीं सुरेन्द्र कुमार निवासी भट्ट कॉलोनी फेस-2 लालडांठ को 14 अगस्त को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के कब्जे से एक गीजर, दो पानी की मोटर, बिजली की तारें और नल की टोंटियां बरामद हुईं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज कुमार समेत कांस्टेबल नीरज कुमार, युगल मिश्रा, दिनेश नगरकोटी और अनिल टम्टा शामिल रहे।

