उत्तराखण्ड रामनगर

आबादी के पास दिनदहाड़े घोड़े को खींच ले गया विशालकाय बाघ, झूला पुल चौराहे के पास दहशत

आबादी के पास दिनदहाड़े घोड़े को खींच ले गया विशालकाय बाघ, झूला पुल चौराहे के पास दहशत

 

गुरजोत सिंह राठौर-सवांददाता

 

रामनगर। गर्जिया क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विशालकाय बाघ आबादी से सटे हाईवे क्षेत्र में दिनदहाड़े एक घोड़े पर हमला कर उसे जंगल की ओर खींच ले गया। घटना दोपहर करीब 1:30 बजे झूला पुल चौराहे के समीप पूर्व में बनाए गए गर्जिया पर्यटन जोन के गेट के पास नेशनल हाईवे-309 पर बताई जा रही है। बाघ की मौजूदगी से आसपास के लोगों और राहगीरों में दहशत फैल गई।

 

 

 

बताया गया कि बाघ ने आबादी के बेहद करीब घोड़े को अपना निवाला बनाया और उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। आसपास मौजूद लोगों की आवाजाही और शोर के बीच बाघ के दिनदहाड़े दिखाई देने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

 

 

घटनास्थल आबादी से सटा होने के साथ ही झूला पुल चौराहे के समीप है, जहां दिन के समय भी लोगों और वाहनों की काफी आवाजाही रहती है। ऐसे में आबादी के नजदीक बाघ की सक्रियता ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की चिंता बढ़ा दी है।

 

 

 

सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है। रामनगर वन प्रभाग के रेंज अधिकारी कृष्णा सिंह मेहरा ने बताया कि विभाग लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रहा है और बाघ की लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

 

 

वन विभाग ने लोगों से झूला पुल और आसपास के जंगल क्षेत्र में जाने से बचने की अपील की है। विभाग का कहना है कि बाघ की मौजूदगी को देखते हुए लोग सतर्क रहें और किसी भी तरह की लापरवाही न करें।

 

 

 

दिनदहाड़े आबादी के पास बाघ द्वारा घोड़े को निवाला बनाए जाने की घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त और निगरानी व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की है।