उत्तराखण्ड न्यूज राजनीति हल्द्वानी

महिला किसानों के योगदान को मिला सम्मान, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित।

महिला किसानों के योगदान को मिला सम्मान, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

हल्द्वानी, 15 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष 2026 के अवसर पर ब्लॉक सभागार हल्द्वानी में आत्मा परियोजना के तहत महिला किसान दिवस पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

 

 

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़ ने कहा कि महिला किसान दिवस मनाने का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को पहचान दिलाना, उन्हें सम्मानित करना और खेती-किसानी में उनकी भूमिका को और मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि महिलाएं खेती, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, बीज संरक्षण और सब्जी उत्पादन सहित विभिन्न कृषि गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं, लेकिन कई बार उनके कार्यों को अपेक्षित पहचान नहीं मिल पाती।

 

 

 

परियोजना निदेशक शिल्पी पंत ने कहा कि फसल उत्पादन से लेकर पशुपालन, बागवानी, मत्स्य पालन, कृषि वानिकी, खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन तक महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। महिला किसान देश की कृषि प्रगति को गति देने में अहम योगदान दे रही हैं। उन्होंने महिला किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं और बाजार सुविधाओं से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।

 

 

 

कार्यक्रम के दौरान पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मंजू तिवारी, कृषि क्षेत्र में दीपा लोशज्ञानी तथा पशुपालन के क्षेत्र में किरन रावत को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

 

 

इस अवसर पर सहायक परियोजना निदेशक चन्दा फर्त्याल, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, सहायक उद्यान अधिकारी अर्जुन सिंह परवाल, खंड विकास अधिकारी तनवरी असगर, क्षेत्रीय युवा मंगल दल अध्यक्ष त्रिवेणी गयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्र की महिला किसान मौजूद रहीं।