गांधी जयंती पर ड्राई डे में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, 3 गिरफ्तार; 145 टेट्रा पैक-पाउच बरामद।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। गांधी जयंती के अवसर पर घोषित ड्राई डे के दौरान नैनीताल पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 145 टेट्रा पैक और पाउच देशी शराब बरामद किए हैं। शराब के परिवहन में इस्तेमाल एक स्कूटी को भी आबकारी अधिनियम के तहत सीज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी क्रम में चौकी भोटिया पड़ाव और कोतवाली काठगोदाम पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई की।
भोटिया पड़ाव पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक रजत दिवाकर निवासी वेलांजलि लॉज, हल्द्वानी और राजू पांडे निवासी वर्कशॉप लाइन, हल्द्वानी को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से कुल 90 क्वार्टर देशी मसालेदार शराब बरामद हुई। रजत दिवाकर के खिलाफ धारा 60/72 आबकारी अधिनियम और राजू पांडे के खिलाफ धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। शराब के परिवहन में इस्तेमाल स्कूटी को धारा 72 आबकारी अधिनियम के तहत सीज किया गया।
वहीं, काठगोदाम पुलिस ने 55 पाउच देशी माल्टा शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने काठगोदाम से हैड़ाखान जाने वाले मार्ग के प्रथम बैंड पर चेकिंग के दौरान दिनेश कुमार वहलिया निवासी टगर व्यूरा, काठगोदाम को पकड़ा। उसके कब्जे से 55 टेट्रा पाउच देशी माल्टा शराब बरामद हुई। मामले में कोतवाली काठगोदाम में मुकदमा संख्या 121/2026, धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार ड्राई डे के दौरान अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

