कॉर्बेट में वन्यजीव सप्ताह के तहत स्वच्छता अभियान, पैनल डिस्कशन और जागरूकता कार्यक्रम।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में वन्यजीव सप्ताह-2026 के तहत शुक्रवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्वच्छता अभियान चलाने के साथ वन्यजीव संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष और ईको टूरिज्म को लेकर विशेषज्ञों ने पैनल डिस्कशन किया। वहीं स्कूली बच्चों को बाघों की निगरानी में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक तकनीक और उपकरणों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
‘क्लीन कॉर्बेट, ग्रीन कॉर्बेट’ अभियान के तहत आमडंडा गेट से रिंगौड़ा गेट तक राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। अवैतनिक वन्यजीव प्रतिपालक दिनेश मंगला ने अभियान का शुभारंभ किया। इसमें वेस्ट वॉरियर्स, होटल एसोसिएशन और वीवीपीएफ के सदस्यों ने भाग लिया।
वन विश्राम गृह रामनगर में वन्यजीव प्रबंधन और ईको टूरिज्म विषय पर दो पैनल डिस्कशन आयोजित हुए। विशेषज्ञों ने वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता, मानव-वन्यजीव संघर्ष और जिम्मेदार पर्यटन पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान वन्यजीव संरक्षण में स्थानीय समुदाय की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को टाइगर सेल का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। वन आरक्षी प्रेमा तिवारी ने बच्चों को बाघों की निगरानी में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक तकनीकों और उपकरणों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद बच्चों को वन्यजीव संरक्षण पर आधारित फिल्म दिखाई गई और उनके साथ संवाद किया गया।
इसके अलावा कालागढ़ में स्वच्छता अभियान और जागरूकता रैली निकाली गई। सांवल्दे वन परिसर में कठपुतली कार्यक्रम और वन विश्राम भवन में बच्चों के लिए वन्यजीव संरक्षण पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रमों में वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया।

