छात्र संघ चुनाव नामांकन को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, SSP ने मौके पर पहुंचकर परखी सुरक्षा व्यवस्था।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
नैनीताल। छात्र संघ चुनाव की नामांकन प्रक्रिया को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। नामांकन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस द्वारा भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया के दौरान की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
SSP ने प्रवेश और निकास व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने दी जाए।
नैनीताल पुलिस छात्र संघ चुनाव की नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।

