मीट मार्केट में FDA की बड़ी कार्रवाई, 6 दुकानों की जांच में खुली लाइसेंस व्यवस्था की पोल।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
रामनगर। नगर पालिका क्षेत्र के मीट मार्केट में खाद्य सुरक्षा विभाग (FDA) की टीम ने औचक निरीक्षण कर छह मीट दुकानों की जांच की। इस दौरान सभी छह दुकानों में खाद्य सुरक्षा विभाग का अनिवार्य लाइसेंस नहीं मिला। वहीं चार दुकानदारों के पास नगर पालिका का लाइसेंस भी नहीं पाया गया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों से खाद्य सुरक्षा लाइसेंस, नगर पालिका लाइसेंस समेत दुकान से जुड़े जरूरी दस्तावेजों की जानकारी ली। छह दुकानों में से केवल दो दुकानदारों के पास नगर पालिका का लाइसेंस मिला, जबकि चार दुकानें बिना पालिका लाइसेंस के संचालित होती पाई गईं।
एक सप्ताह की मोहलत, नहीं तो होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका से दुकान का आवंटन होना ही पर्याप्त नहीं है। मीट कारोबार के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का लाइसेंस भी अनिवार्य है। अनियमितता पाए जाने पर दुकानदारों को आवश्यक लाइसेंस और दस्तावेज पूरे करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
गूलरघट्टी, शक्तिनगर और पुछड़ी में भी होगी जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों के मुताबिक खताड़ी क्षेत्र के बाद अब गूलरघट्टी, शक्तिनगर और पुछड़ी क्षेत्र में संचालित मीट की दुकानों का निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान दुकानों के लाइसेंस, खाद्य सुरक्षा मानकों और जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
FDA की कार्रवाई के बाद मीट कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अब एक सप्ताह की मोहलत पूरी होने के बाद विभाग की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर रहेगी।

