धामी के जन्मदिन पर रामनगर में सेवा और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित, दिव्यांग बच्चों के साथ काटा केक।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
रामनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व सैनिक इंदर रावत के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने रामनगर क्षेत्र में विभिन्न सेवा एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए।
कार्यक्रम की शुरुआत गौशाला में गौमाता को चारा वितरण के साथ हुई। इसके बाद सरकारी अस्पताल में भर्ती अस्वस्थ एवं जरूरतमंद मरीजों को फल वितरित किए गए और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।
इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर विधि-विधान से हवन-पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान किया गया। इस दौरान श्री श्री 108 महामंडलेश्वर मोहनानंद दास जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही। महाराज जी ने हवन-अनुष्ठान में शामिल होकर मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।
हवन-पूजन के बाद मां गर्जिया के प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में यूएसआर बसई दिव्यांग विद्यालय पहुंचकर दिव्यांग बच्चों के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिवस मनाया गया। इस दौरान बच्चों के बीच केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं।
कार्यक्रम में रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट सहित भाजपा के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी, ज्येष्ठ एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर पूर्व सैनिक इंदर रावत ने सभी भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित सेवा एवं धार्मिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए।

