गोरापड़ाव डकैती कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक और आरोपी गिरफ्तार।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। गोरापड़ाव में हुई डकैती के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई पीली धातु की चैन और 15 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। इस मामले में अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त 2026 को गोरापड़ाव क्षेत्र में 10-12 हथियारबंद लोगों द्वारा डकैती की सूचना डायल-112 के माध्यम से मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को वादी नारायण दास ने बताया कि हथियारबंद बदमाशों ने उनके कार्यालय/गैराज में घुसकर करीब 8 लाख रुपये, 12 मोबाइल फोन, तीन सोने की चैन और अंगूठी समेत अन्य सामान लूट लिया।
मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और सुरागरसी के जरिए आरोपियों की पहचान शुरू की।
जांच के दौरान यश सिडाना, वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, रखवीर सिंह, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह, अफजल मलिक, साहब सिंह उर्फ साबी और गुरवंत सिंह उर्फ गोपी को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने 5 सितंबर 2026 को गलफार गेट, चोरगलिया से एक और आरोपी गुरजन्ट सिंह उर्फ जिन्टा (32 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर-8, गणेश मंदिर, सितारगंज, ऊधमसिंह नगर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पीली रंग की गले की चैन और 500-500 रुपये के 30 नोट यानी कुल 15 हजार रुपये बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने धारा 61(2) और 317(3) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।
पुलिस के अनुसार, मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है।

