पुलिस लाइन देहरादून में धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, सीएम धामी ने कलाकारों को किया सम्मानित।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
देहरादून। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन देहरादून में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया, जबकि राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। पुलिस लाइन परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। मुख्यमंत्री धामी ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं और धार्मिक विरासत समाज को अपनी जड़ों से जोड़ती हैं। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उपदेशों को समझने का अवसर मिलता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, कर्तव्य, कर्म और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। श्रीमद्भगवद्गीता में दिया गया कर्मयोग का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने और प्रदेश एवं समाज के विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने भी प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर श्रीमती गीता धामी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य प्रशासनिक कार्मिक मौजूद रहे।

