भारी बारिश के बीच एसएसपी नैनीताल ने गौला पुल और बनभूलपुरा का किया निरीक्षण, पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। पहाड़ों में हो रही अत्यधिक वर्षा के चलते गौला नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। स्थिति को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने गौला पुल काठगोदाम और गौला पुल बनभूलपुरा का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने बनभूलपुरा और काठगोदाम के प्रभारी निरीक्षकों को गौला नदी के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रखने और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने थाना पुलिस बल, आपदा प्रबंधन टीम और एसडीआरएफ को आवश्यक आपदा उपकरणों के साथ पूरी तरह तैयार रहने को कहा। साथ ही अनावश्यक रूप से किसी भी व्यक्ति को गौला नदी और पुल की ओर जाने से रोकने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने जनपद के सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को भी अलर्ट मोड में रहने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नदी-नालों अथवा सड़कों पर तेज बहाव के साथ पानी आने की स्थिति में किसी भी वाहन या मोटरसाइकिल को पानी के बीच से पार न कराया जाए।
नैनीताल पुलिस द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।

