उत्तराखण्ड जनहित देहरादून नैनीताल न्यूज शिक्षा हल्द्वानी

जनगणना-2027 की तैयारी तेज, नैनीताल में 54 फील्ड ट्रेनरों को दिया गया प्रशिक्षण।

जनगणना-2027 की तैयारी तेज, नैनीताल में 54 फील्ड ट्रेनरों को दिया गया प्रशिक्षण।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

हल्द्वानी। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला उद्योग केंद्र हल्द्वानी में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 54 फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और जरूरी जानकारियों से अवगत कराया गया। ये ट्रेनर आगे नगर निगमों और तहसीलों में प्रगणकों को प्रशिक्षण देंगे।

 

 

 

प्रशिक्षण में जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी डॉ. मुकेश सिंह नेगी ने मुख्य संदर्भदाता और यश ने जनगणना मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान जनगणना से जुड़ी प्रक्रियाओं को सही, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने की जानकारी दी गई।

 

 

 

16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि स्वगणना की अवधि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित है। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना की जाएगी।

 

 

 

परिवारों से पूछे जाएंगे कई महत्वपूर्ण सवाल

जनगणना के दौरान परिवार अनुसूची के माध्यम से नागरिकों से व्यक्तिगत, सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक जानकारी जुटाई जाएगी। इसमें नाम, आयु, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति-जनजाति, मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार, प्रवासन और निवास स्थान से संबंधित विवरण शामिल होंगे।

 

 

 

इसके अलावा डिजिटल साक्षरता, कार्यस्थल तक आने-जाने, बच्चों की संख्या, कोविड-19 टीकाकरण, बैंक खातों और उपलब्ध होने पर मोबाइल नंबर व पहचान दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी भी पूछी जा सकती है। पहचान दस्तावेजों का विवरण स्वैच्छिक अथवा उपलब्धता के आधार पर लिया जाएगा।

 

 

 

प्रशिक्षण का उद्देश्य फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की तकनीकी और व्यावहारिक प्रक्रियाओं में दक्ष बनाना है, ताकि वे आगे प्रगणकों को सही तरीके से प्रशिक्षित कर सकें। इस अवसर पर नगर निगम अधिकारी गजेंद्र पाल सिंह ने भी प्रतिभागियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और आगामी प्रशिक्षण की जानकारी दी।