उत्तराखण्ड देहरादून नैनीताल रामनगर वाइरल ख़बर

मालधन में भारी वाहनों की एंट्री पर सख्ती, 10 वाहनों को लौटाया।

मालधन में भारी वाहनों की एंट्री पर सख्ती, 10 वाहनों को लौटाया।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

रामनगर। मालधन क्षेत्र में संकरी सड़कों पर भारी मल्टी-एक्सल वाहनों और डंपरों के संचालन से स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए एआरटीओ प्रवर्तन रामनगर पंकज श्रीवास्तव ने कार्रवाई की। अभियान के दौरान 10 भारी वाहनों को मौके से वापस लौटाया गया।

 

 

 

स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि बड़े वाहनों के आवागमन से सड़क पर जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। इस पर एआरटीओ प्रवर्तन ने मालधन मार्ग पर स्थित विभिन्न चौकियों का निरीक्षण कर संबंधित कर्मचारियों को प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश रोकने के निर्देश दिए।

 

 

 

इस दौरान खनन एवं खनिज विभाग और वन विभाग की चौकियों के कर्मचारियों को भी लिखित निर्देश दिए गए। उन्हें कहा गया कि प्रतिबंधित मार्ग पर भारी मल्टी-एक्सल वाहनों और बड़े डंपरों को प्रवेश न करने दिया जाए। साथ ही वाहन स्वामियों, चालकों और वाहन यूनियनों को भी नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।

 

 

 

कार्रवाई के दौरान चौधरी ढाबे से मालधन की ओर करीब 500 मीटर आगे स्थित चौकी पर भारी वाहनों को वापस लौटाया गया। विभाग ने चेतावनी दी कि निर्देशों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

एआरटीओ पंकज श्रीवास्तव ने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि यदि कोई चालक प्रतिबंधित मार्ग पर जबरन भारी वाहन ले जाने का प्रयास करता है, तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अभियान जारी रहेगा।