उत्तराखण्ड जनहित नैनीताल न्यूज

वीकेंड पर कैंची धाम समेत पर्यटन स्थलों पर बढ़ी भीड़, यातायात संभालने में जुटी नैनीताल पुलिस।

वीकेंड पर कैंची धाम समेत पर्यटन स्थलों पर बढ़ी भीड़, यातायात संभालने में जुटी नैनीताल पुलिस।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

नैनीताल। वीकेंड के चलते नैनीताल जिले के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है। कैंची धाम, नैनीताल, भीमताल और मुक्तेश्वर की ओर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से कई मार्गों पर यातायात का दबाव बना हुआ है।

 

 

 

SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया है। थाना, चौकी, CPU और ट्रैफिक पुलिस की टीमें सुबह से ही यातायात व्यवस्थित करने के साथ पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही हैं।

 

 

 

कैंची धाम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने यातायात डायवर्जन की व्यवस्था की है। साथ ही शटल सेवा के जरिए श्रद्धालुओं को कैंची धाम भेजा जा रहा है और कतारबद्ध तरीके से दर्शन की व्यवस्था कराई जा रही है।

 

 

 

पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे निर्धारित कतार में ही चलें और कतार बदलकर दूसरी लाइन में न जाएं। वाहन चालक अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचें और यातायात दबाव के दौरान धैर्य बनाए रखें। इसके अलावा सड़क पर वाहन रोककर यातायात बाधित न करने तथा वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने की अपील की गई है।

 

 

 

पुलिस ने यात्रियों से यातायात एवं पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि यात्रियों का सहयोग यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण है।